गौरझामर-:गणेश चतुर्थी एवं आगामी अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के माहौल में मनाने के उद्देश्य से थाना गौरझामर परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों के साथ शांति समिति के सदस्यों तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। बैठक में त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ पर्व मनाने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
थाना प्रभारी नासिर फारूकी ने सभी गणेश उत्सव समितियों के आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से गणेश पंडाल में कम से कम दो लोग अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। उन्होंने लाउडस्पीकर के संबंध में भी स्पष्ट निर्देश दिए कि रात्रि 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर पूर्णतः बंद रखे जाएं। सभी समितियों से इस निर्देश का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई।
बैठक में उपस्थित सदस्यों एवं नागरिकों ने त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं आपसी सौहार्द के साथ मनाने में प्रशासन एवं पुलिस को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। बैठक में विभिन्न गणेश समितियों के प्रतिनिधि, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, आसपास के ग्राम पंचायत सरपंच तथा पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।
संवाददाता - रामबाबू पटेल देवरी कला, जिला सागर
0 टिप्पणियाँ