सागर-:संभागायुक्त श्री दिलीप कुमार ने आज केन्द्रीय जेल सागर का निरीक्षण कर बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, कौशल विकास गतिविधियों तथा जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सहकारिता उपायुक्त एवं सिविल सर्जन भी उपस्थित रहे।
संभागायुक्त श्री कुमार ने मुलाकात के लिए आए परिजनों तथा बंदियों से चर्चा कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। जेल अस्पताल एवं ओपीडी में उपस्थित बंदियों से उपचार संबंधी जानकारी प्राप्त की। महिला वार्ड में महिला बंदियों से चर्चा कर रोजगारमूलक प्रशिक्षण, अपील की स्थिति तथा उनके बच्चों की शिक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। अस्पताल वार्ड में भर्ती हृदय रोग एवं टीबी से पीड़ित बंदियों के स्वास्थ्य की जानकारी लेकर उपचार व्यवस्था के बारे में पूछा। बंदियों ने नियमानुसार उपचार मिलने की जानकारी दी।
उन्होंने पाकशाला का निरीक्षण कर प्रातःकालीन भोजन की गुणवत्ता का परीक्षण किया और संतुष्टि व्यक्त की। जेल कारखाने में बंदियों द्वारा किए जा रहे कार्यों, उन्हें मिलने वाले पारिश्रमिक तथा विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी ली। हथकरघा उद्योग एवं वृद्ध बंदियों के वार्डों का भी अवलोकन किया।
संभागायुक्त ने जेल के गोदाम में रखी सामग्री का स्वीकृत नमूनों से मिलान कर गुणवत्ता की जांच की। निर्माणाधीन नवीन बैरकों तथा क्षतिग्रस्त हिस्से में बन रही बाहरी दीवार का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने जेल उद्योग की लेखा पंजियों, बंदियों की बैंक पासबुक, स्थापना शाखा में संधारित कर्मचारियों के सेवा अभिलेख, जेल कैंटीन, गौशाला तथा ई-प्रिजन के विभिन्न मॉड्यूलों की जानकारी भी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान जेल में जलापूर्ति, खुली जेल, गौशाला तथा बंदियों को रोजगारमूलक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी ली गई। संभागायुक्त ने उपस्थित कर्मचारियों की समस्याएं भी सुनीं। संपूर्ण निरीक्षण के उपरांत उन्होंने जेल की व्यवस्थाओं के प्रति संतुष्टि व्यक्त की। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक श्री रमेश चंद्र आर्य, उप अधीक्षक श्री मनोज मिश्रा सहित जेल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
संवाददाता - रामबाबू पटेल, जिला सागर (मध्यप्रदेश)
0 टिप्पणियाँ