Sagar-:मूसलाधार बारिश ने मक्के की फसल को पहुंचाया भारी नुकसान खेतों में बिछी मक्के की फसल, किसानों ने सर्वे कराकर मुआवजा देने की मांग की।The State Halchal News

देवरी कलां-: देवरी क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित होने के साथ ही किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण खेतों में खड़ी मक्के की फसल जमीन पर बिछ गई है। कई स्थानों पर फसल पूरी तरह गिर जाने से किसानों को उत्पादन में भारी नुकसान की आशंका है।

क्षेत्र के ग्राम गोरखपुर, सेमराखेड़ी और कटंगी सहित आसपास के गांवों में मक्के की फसल को नुकसान होने की जानकारी सामने आई है। किसानों के अनुसार इस समय मक्के की फसल खेतों में खड़ी थी और कुछ खेतों में फसल पकने की अवस्था में पहुंच चुकी थी। बारिश और हवा के चलते पौधे जड़ों सहित झुककर जमीन पर गिर गए हैं। इससे फसल की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों प्रभावित होने की आशंका है।

गोरखपुर क्षेत्र के किसान नीरज लोधी, राजेश लोधी, नरेंद्र लोधी, कलू लोधी और दिलीप सिंह लोधी सहित अन्य किसानों ने बताया कि उन्होंने फसल तैयार करने में खाद, बीज, जुताई और सिंचाई सहित काफी खर्च किया था। अच्छी फसल की उम्मीद थी, लेकिन लगातार तीन दिन से हो रही बारिश ने खेतों की तस्वीर बदल दी। कई खेतों में मक्के के पौधे पूरी तरह जमीन पर लेट गए हैं।

किसानों का कहना है कि खेतों में पानी भरने और फसल के लगातार गीली रहने से नुकसान और बढ़ सकता है। यदि बारिश का दौर आगे भी जारी रहा तो गिरी हुई फसल के दाने खराब होने की आशंका है। किसानों ने प्रशासन और कृषि विभाग से प्रभावित गांवों में तत्काल फसल सर्वे कराने तथा नुकसान के आधार पर राहत एवं मुआवजा दिलाने की मांग की है।

किसानों का कहना है कि प्राकृतिक आपदा के कारण हुए नुकसान का समय पर आकलन किया जाना जरूरी है, ताकि प्रभावित किसानों को शासन की योजनाओं के तहत मिलने वाली सहायता का लाभ मिल सके।
संवाददाता - रामबाबू पटेल देवरी कला, जिला सागर 

Uploaded Image
Reactions:

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ