देवरीकला-:ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार को मुस्लिम समाज के नेतृत्व में देवरी नगर में विशाल जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग शामिल हुए। जुलूस के दौरान नगर में उत्साह के साथ-साथ हिंदू-मुस्लिम एकता,आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव की सुंदर तस्वीर देखने को मिली।जुलूस का नेतृत्व जनसेवा समिति के अध्यक्ष गुटी खान ने किया।जुलूस नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए आगे बढ़ा। इस दौरान जगह-जगह नागरिकों ने जुलूस का स्वागत किया। कई स्थानों पर हिंदू समाज के लोगों ने नपा उपाध्यक्ष नईम खान एवं जनसेवा समिति अध्यक्ष गुटी खान का आत्मीय स्वागत कर भाईचारे का परिचय दिया।
स्वागत की तस्वीरें बनी चर्चा का विषय
ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के दौरान हिंदू समाज के लोगों द्वारा गुटी खान एवं जुलूस का स्वागत किए जाने की तस्वीरें नगर में चर्चा का विषय बनी रहीं। लोगों ने इन तस्वीरों को देवरी की गंगा-जमुनी तहजीब,सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव की मिसाल बताया। नागरिकों का कहना रहा कि धार्मिक पर्वों के अवसर पर एक-दूसरे के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना समाज को मजबूत बनाती है!
एक-दूसरे के पर्वों में शामिल होने की परंपरा
देवरी नगर में विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में सभी वर्गों के लोगों की सहभागिता देखने को मिलती रही है। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर भी हिंदू समाज के लोगों द्वारा जुलूस का स्वागत किया जाना इसी परंपरा को आगे बढ़ाता नजर आया। स्वागत के दौरान लोगों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और प्रेम एवं भाईचारे का संदेश दिया।जुलूस में युवा,बुजुर्ग और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल रहे। नगर के विभिन्न मोहल्लों से गुजरते जुलूस का लोगों ने उत्साह के साथ स्वागत किया। जुलूस के दौरान धार्मिक उत्साह के साथ सामाजिक सद्भाव और देश की एकता का संदेश भी देखने को मिला।
शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ आयोजन
ईद मिलादुन्नबी का जुलूस पूरे शांतिपूर्ण माहौल में निकाला गया। पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी गई। प्रमुख मार्गों और चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहा। किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति सामने नहीं आई और आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।ईद मिलादुन्नबी के इस आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि त्योहार अलग-अलग हो सकते हैं,लेकिन खुशियां और भाईचारा सभी का साझा होता है। देवरी में सामने आई हिंदू-मुस्लिम एकता की तस्वीरों ने नगर की सामाजिक एकता और सौहार्द को और मजबूत करने का संदेश दिया।
संवाददाता - रामबाबू पटेल देवरी कला, जिला सागर
0 टिप्पणियाँ