महाराजपुर-:सागर जिले के देवरी क्षेत्र ग्राम मढ़पिपरिया में अग्निवीर योजना के तहत प्रशिक्षण पूर्ण कर देश सेवा के संकल्प के साथ घर लौटे ग्राम मढ़पिपरिया निवासी जवान कपिल लोधी का सोमवार को क्षेत्रवासियों ने गर्मजोशी और उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला और "भारत माता की जय" व "वंदे मातरम्" के नारों से वातावरण गूंज उठा।
जानकारी के अनुसार, कपिल लोधी के स्वागत के लिए ग्राम महाराजपुर में बड़ी संख्या में ग्रामीण, मित्र और शुभचिंतक एकत्रित हुए। यहां से डीजे, ढोल-नगाड़ों और वाहन रैली के साथ उनका स्वागत जुलूस निकाला गया। जुलूस में युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। देशभक्ति गीतों और नारों के बीच लोगों ने जवान का अभिनंदन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इसके बाद वाहन रैली ग्राम मढ़पिपरिया स्थित कपिल लोधी के निवास पहुंचे, जहां पिता देवेंद्र सिंह लोधी, परिजनों, मित्रों और ग्रामवासियों ने फूल-मालाओं से उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान लोगों ने कहा कि कपिल लोधी ने अग्निवीर योजना के माध्यम से देश सेवा का जो मार्ग चुना है, वह क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्सव जैसा माहौल बना रहा और लोगों ने जवान के सम्मान में हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल सैन्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।
0 टिप्पणियाँ