देवरीकलां-: सदगुरुदेव नेत्र चिकित्सालय चिटकूट के प्रांगण में आयोजित 'स्पॉन्सर एवं वॉलिंटियर सम्मान समारोह' में सेवा और समर्पण का भावुक संगम देखने को मिला। विद्याधाम सभागार में आयोजित इस गरिमामयी समारोह में मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के दूरस्थ अंचलों से आए समाजसेवियों, दानदाताओं और स्वयंसेवकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ट्रस्ट के डायरेक्टर डॉ. ईलेश जैन और ऊषा जैन द्वारा रणछोड़ दास महाराज के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट परिवार और उपस्थित अतिथियों ने दिवंगत डॉ. बी. के. जैन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
ट्रस्ट का नया लक्ष्य-कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट ने आने वाले समय में मोतियाबिंद उपचार और बेहतर नेत्र चिकित्सा सेवाओं के अपने मौजूदा लक्ष्य को दोगुना करने का संकल्प लिया।
ट्रस्ट के डायरेक्टर डॉ. ईलेश जैन ने कहा कि जानकीकुंड चिकित्सालय की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा रहा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि आने वाले समय में मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के प्रत्येक जनपद और सुदूर गांवों तक व्यापक नेत्र चिकित्सा शिविरों का जाल बिछाया जाएगा, ताकि अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी उपचार की सुविधा सुलभ हो सके।
समारोह में समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए मोती गौंड (जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि), गौरीशंकर पटैल, नितिन ठाकुर पत्रकार और यतीश राजपूत को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। सागर जिले के देवरी, रहली और अन्य क्षेत्रों से आए प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई और भविष्य के सेवा कार्यों पर विस्तृत चर्चा की।
संवाददाता - रामबाबू पटेल देवरी कला, जिला सागर (मध्यप्रदेश)
0 टिप्पणियाँ