नरसिंहपुर -:कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा (टीएल) की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों एवं शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की विस्तार से समीक्षा कर अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मूंग उपार्जन, हितग्राही मूलक योजनाओं के शिविर, सीएम हेल्पलाइन, राजस्व प्रकरणों तथा विभिन्न आयोगों से प्राप्त मामलों की समीक्षा की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश और विभिन्न विभागों के जिला प्रमुख मौजूद थे।
बैठक में मूंग उपार्जन की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में 19 उपार्जन केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें से 11 केंद्रों पर खरीदी प्रारंभ हो चुकी है। शेष केन्द्रों पर शीघ्र ही खरीदी शुरू होगी। किसानों के लिए स्लॉट बुकिंग की प्रक्रिया भी लगातार जारी है तथा अब तक 7,129 स्लॉट बुक किए जा चुके हैं। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि स्लॉट बुक कराने वाले किसानों में से कितने किसान केंद्रों पर पहुंचकर मूंग उपार्जन कर चुके हैं, इसकी पृथक सूची तैयार की जाए, ताकि खरीदी की वास्तविक प्रगति का प्रभावी आकलन किया जा सके।
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को प्रतिदिन उपार्जन केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल एफएक्यू मानक के अनुरूप मूंग की ही खरीदी की जाए। मूंग उपार्जन में किसी भी तरह से गुणवत्ता के साथ समझौता नहीं किया जाएगा। इसके लिए केंद्रों पर नियमित रूप से नमूने लेकर गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित की जाए, जिससे पारदर्शिता एवं गुणवत्ता बनी रहे।
बैठक में हितग्राही मूलक योजनाओं के अंतर्गत नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 8 जुलाई से लगाए जा रहे शिविरों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को प्रतिदिन शिविरों की मॉनिटरिंग करने और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। विदित है कि शिविरों में किसानों का यूनिक फार्मर आईडी पंजीयन, पोस्टमैन के माध्यम से आधार कार्ड अपडेट, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा आयुष्मान कार्ड निर्माण तथा आजीविका मिशन के माध्यम से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना,ई-केवायसी एवं समग्र ई-केवायसी, डुप्लीकेट, मृतक एवं स्थायी रूप से पलायन कर चुके व्यक्तियों के नाम विलोपित करने की कार्रवाई तथा एक आधार से लिंक एकाधिक समग्र आईडी का कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर ने सभी जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकायों को अपने-अपने क्षेत्र में रिक्त शासकीय भवनों की सूची तैयार कर शीघ्र प्रेषित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने "सी" एवं "डी" ग्रेड में आने वाले विभागों के अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण के माध्यम से रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने 100 दिवस से अधिक समय से लंबित राजस्व प्रकरणों की भी समीक्षा कर इनके शीघ्र निराकरण पर विशेष जोर दिया। विभिन्न आयोगों से प्राप्त प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्रीमती सिंह ने कहा कि सभी विभाग समय-सीमा के भीतर तथ्यात्मक एवं गुणवत्तापूर्ण प्रतिवेदन प्रस्तुत करें, ताकि प्रकरणों का समय पर निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने अधिकारियों को विभागीय योजनाओं के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने, अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने तथा स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए।
संवाददाता - रामबाबू पटेल, जिला नरसिंहपुर (मध्यप्रदेश)
0 टिप्पणियाँ