Sagar-:शुष्क दिवस पर आबकारी विभाग की सघन कार्रवाई, 14 प्रकरण दर्ज।The State Halchal News

सागर -:शुष्क दिवस के अवसर पर जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा सघन कार्रवाई की गई। सहायक आबकारी आयुक्त श्रीमती कीर्ति दुबे के आदेश के परिपालन में आबकारी कंट्रोलर श्रीमती पूजा चंद्रन एवं मंडल प्रभारी श्री अशोक दवे के नेतृत्व में पृथक-पृथक दल गठित कर सागर शहरी एवं आंतरिक क्षेत्र, बण्डा, देवरी तथा रहली में गश्त एवं तलाशी अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान कुल 14 प्रकरण कायम किए गए।

गश्त के दौरान मदिरा दुकानों का निरीक्षण किया गया, जो सीलबंद अवस्था में बंद पाई गईं। शहरी क्षेत्र में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत अवैध मदिरापान के विरुद्ध वृत्त दक्षिण एवं उत्तर में 2 प्रकरण दर्ज किए गए।

वृत्त बण्डा प्रभारी श्रीमती रोशनी उरेती के नेतृत्व में प्राप्त सूचना के आधार पर विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर तलाशी कार्रवाई की गई। इस दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत 5 प्रकरण कायम कर 95 पाव सागर गोल्ड व्हिस्की, 3 लीटर कच्ची मदिरा एवं 120 किलोग्राम लाहन जप्त किया गया।

वृत्त देवरी एवं रहली प्रभारी श्री मृत्युंजय ठाकुर द्वारा ग्राम खैराना, छिरारी एवं उमरा में कार्रवाई करते हुए धारा 34(1) के तहत 4 प्रकरण कायम किए गए। पांच स्थानों की तलाशी के दौरान कुल 75 पाव मदिरा जप्त की गई। वहीं वृत्त आंतरिक प्रभारी श्री सियाराम चौधरी द्वारा अवैध मदिरा के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 3 प्रकरण कायम किए गए।

आबकारी विभाग की इस कार्रवाई में कुल 38 हजार 945 रुपये बाजार मूल्य की मदिरा जप्त की गई। विभाग द्वारा अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।
संवाददाता - रामबाबू पटेल, जिला सागर (मध्यप्रदेश)

Uploaded Image
Reactions:

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ