सागर -:नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आयुक्त सह मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी के प्रबंध संचालक श्री संकेत भोंडवे ने नगर पालिका परिषद क्षेत्र में सीवर परियोजना एवं एकीकृत विकास परियोजना के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए।श्री भोंडवे ने सीवर परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए हाउस कनेक्शन का कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना के कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, जिससे नागरिकों को परियोजना का लाभ शीघ्र मिल सके।
श्री भोंडवे ने एकीकृत विकास परियोजना के तहत भवन निर्माण सहित अन्य निर्माणाधीन कार्यों का भी निरीक्षण किया तथा कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना के निर्माणाधीन घटकों के परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर का संदेश भी दिया।उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से कार्यों की मॉनीटरिंग करने और आवश्यकतानुसार मैदानी स्तर पर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी के उप परियोजना संचालक तकनीकी श्री शैलेन्द्र शुक्ला, संभागीय संयुक्त संचालक श्री आर.पी. नायक, कार्यपालन यंत्री श्री मेघ तिवारी, परियोजना प्रबंधक श्री दिनेश बरेले, डिप्टी कलेक्टर श्री संजय तिवारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
संवाददाता - रामबाबू पटेल, जिला सागर (मध्यप्रदेश)
0 टिप्पणियाँ