Sagar-:प्रधानमंत्री श्री मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर सुरखी विधानसभा में तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर 16, 17 एवं 18 जून को होंगे शिविर, आमजन की समस्याओं का होगा त्वरित निराकरण

सुरखी-:देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफलतापूर्वक 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सुरखी विधानसभा क्षेत्र में तीन दिवसीय जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में 16, 17 एवं 18 जून को राहतगढ़ जनपद पंचायत, जैसीनगर जनपद पंचायत, नगर परिषद सुरखी एवं नगर परिषद बिलहरा में जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे।
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने क्षेत्र की जनता एवं कार्यकर्ताओं से इन शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आवाहन किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन, गरीब कल्याण और आत्मनिर्भरता के नए आयाम स्थापित किए हैं। इसी उपलब्धि को जन-जन तक पहुंचाने और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इन जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।

मंत्री राजपूत ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, मुद्रा योजना, जनधन योजना सहित अनेक योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है। इन योजनाओं के माध्यम से गरीब, किसान, महिला, युवा और मजदूर वर्ग को सशक्त बनाने का कार्य किया गया है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार भी जनकल्याण के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार की लाड़ली बहना योजना, मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना, मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं, स्वरोजगार योजनाएं एवं अन्य जनहितकारी कार्यक्रमों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

मंत्री राजपूत ने बताया कि जनकल्याण शिविरों में सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहेंगे। शिविर में आने वाले नागरिक अपनी समस्याओं, शिकायतों एवं योजनाओं से संबंधित प्रकरणों का तत्काल निराकरण करा सकेंगे। पात्र हितग्राहियों के आवेदन स्वीकार किए जाएंगे तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से विशेष रूप से आग्रह किया कि वे अपने-अपने गांवों, वार्डों एवं क्षेत्रों के अधिक से अधिक लोगों को शिविरों की जानकारी दें तथा उन्हें शिविर स्थल तक पहुंचाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यह शिविर केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि जनता की समस्याओं के समाधान और शासन की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का अभियान है।
मंत्री राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के विकसित मध्यप्रदेश के विजन को साकार करने में जनता की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। जनकल्याण शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा तथा पात्र व्यक्तियों को शासन की योजनाओं से जोड़ा जाएगा। अंत में उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि 16, 17 एवं 18 जून को आयोजित होने वाले जनकल्याण शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त करें तथा अपनी समस्याओं का मौके पर ही निराकरण कराएं।
संवाददाता - रामबाबू पटेल, जिला सागर (मध्यप्रदेश)

Uploaded Image
Reactions:

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ