Sagar-:कलेक्टर ने कृषि मंडी केसली और माँ हरसिद्धी वेयर हाउस उपार्जन केन्द्र का किया औचक निरीक्षण किसानों से संवाद कर उपार्जन व्यवस्था सहित तौल कांटे, किसान कोड अंकन एवं पारदर्शी तुलाई व्यवस्था हेतु दिए निर्देश

केसली-:कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने जिले में चल रहे उपार्जन कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं सुचारू संचालन हेतु एन.एच.-44 सागर-नरसिंहपुर रोड स्थित ग्राम बरकोटी कला अंतर्गत माँ हरसिद्धी वेयर हाउस तथा कृषि मंडी केसली स्थित चना-मसूर खरीदी केन्द्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दोनों उपार्जन केन्द्रों पर चल रही खरीदी प्रक्रिया, उपलब्ध संसाधनों, बारदानों की पर्याप्तता, तौल व्यवस्था तथा अनाज के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस अवसर पर एसडीएम श्रीमती राजनंदनी शर्मा सहित जिला उपार्जन समिति के सदस्य मौजूद थे।

कलेक्टर श्रीमती पाल ने माँ हरसिद्धी वेयर हाउस उपार्जन केन्द्र पर निरीक्षण के दौरान किसानों से  संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने किसानों से पंजीयन प्रक्रिया, एसएमएस प्राप्ति, तुलाई में लगने वाले समय तथा भुगतान व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने किसानों से यह भी पूछा कि उन्हें उपज विक्रय में किसी प्रकार की असुविधा तो नहीं हो रही है।

कलेक्टर ने उपार्जन केन्द्र पर किसानों की सुविधा हेतु पर्याप्त संख्या में तौल कांटे उपलब्ध कराने तथा सभी कांटों पर निरंतर तुलाई कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तुलाई प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि तुलाई के उपरांत प्रत्येक बोरी पर लगने वाली पर्ची में किसान कोड अनिवार्य रूप से अंकित किया जाए, ताकि उपज की पहचान एवं ट्रैकिंग प्रणाली पूरी तरह पारदर्शी एवं व्यवस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उपार्जन केन्द्र पर पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों की सुविधा के लिए पर्याप्त मात्रा में बारदाने, सिलाई मशीन, कंप्यूटर, इंटरनेट कनेक्टिविटी एवं प्रशिक्षित स्टाफ की उपलब्धता हमेशा सुनिश्चित रहे।

कलेक्टर ने आगामी मौसम में संभावित वर्षा को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपार्जन केन्द्र पर लाई गई उपज को तिरपाल से ढककर सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था की जाए, ताकि अनाज को किसी प्रकार की क्षति न हो। उन्होंने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि भंडारण स्थल पर जल निकासी एवं सुरक्षा व्यवस्था की समुचित व्यवस्था रखे।

कृषि मंडी केसली चना-.मसूर खरीदी केन्द्र का किया निरीक्षण

कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कृषि मंडी केसली स्थित चना-मसूर खरीदी केन्द्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तौल व्यवस्था का बारीकी से परीक्षण किया और किसानों से उनकी उपज की गुणवत्ता, बाजार भाव तथा खरीदी प्रक्रिया के अनुभवों के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर ने केसली केन्द्र पर भी तौल कांटों की नियमित जांच सुनिश्चित करने तथा तौल प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य समय पर मिले।

कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कहा कि उपार्जन केन्द्रों पर किसानों की सुविधा सर्वाेच्च प्राथमिकता रहेगी तथा सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने अधिकारियों को सतत मॉनिटरिंग करते हुए व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए, ताकि उपार्जन कार्य सुचारू एवं पारदर्शी रूप से संचालित हो सके।
संवाददाता - रामबाबू पटेल देवरी कला, जिला सागर (मध्यप्रदेश)

Uploaded Image
Reactions:

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ