सूरत |. दस दिन पूर्व महाराष्ट्र के नंदुरबार के पास रेलवे पटरी के किनारे झाडिय़ों में मिले महिला के शव की गुत्थी सुलझाते हुए क्राइम ब्रांच ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक के महिला के साथ प्रेम संबंध थे और वह लगातार शादी के लिए दबाव डाल रही थी। उससे छुटकारा पाने के लिए उसने महाराष्ट्र ले जाकर उसकी हत्या कर दी थी। शव की शिनाख्त नहीं होने से ब्लाइंड केस साबित हो रहे मामले में क्राइम ब्रांच को लीड मिली और गुत्थी सुलझ गई।
पुलिस के मुताबिक, मृतका की शिनाख्त बिहार के छपरा जिले के सीमरिया मेनपुर गांव निवासी सीता भगत (23) के रूप में की गई है। उसके मांडवी तहसील के करंज गांव में रहने वाले आरोपी विनय कुमार रॉय (38) के साथ प्रेम संबंध थे। बिहार के सिवान जिले के खमरोही गांव का मूल निवासी विनय दो वर्ष पूर्व उसके संपर्क में आया था। तब से दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए थे। सीता उससे शादी करना चाहती थी। लूम कारखाने में काम करने वाले विनयकुमार से सीता शादी करना चाहती थी।
वह शादी के लिए लगातार दबाव डाल रही थी, लेकिन पहले से ही शादीशुदा व दो संतानों का पिता विनय उससे शादी नहीं करना चाहता था। उससे हमेशा के लिए छुटकारा पाने का प्लान बना कर वह बिहार से उसे गत 23 अगस्त को करंज ले आया। अगले दिन करंज से बस में सूरत आया। फिर यहां से नंदुरबार जाने वाली ट्रेन में सवार हुआ। नंदुरबार से एक स्टेशन पहले सीता के साथ ट्रेन से उतर गया। स्टेशन से नंदुरबार की तरफ पटरी के साथ उसे पैदल ले गया।
फिर वीरान जगह पर झाडिय़ों में किसी धारदार हथियार से उसका गला काट कर हत्या कर दी। 26 अगस्त को नंदुरबार को पुलिस को क्षत-विक्षत हालात में शव बरामद हुआ। पुलिस ने उसकी शिनाख्त के प्रयास किए, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला। नंदुरबार पुलिस ने शव फोटो सहित पम्पलेट छपवाए और लोगों में बंटवाए, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।
ऐसे मिला क्राइम ब्रांच को सुराग :
क्राइम ब्रांच के पुलिस उप निरीक्षक सीआर देसाई ने बताया कि नंदुरबार पुलिस का पम्पलेट क्राइम ब्रांच को मिला था। नंदुरबार को महिला सूरत की ओर से आई होने की आशंका थी। इस पर रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो जिन कपड़ों में मीहिला थी। उन कपड़ों में विनय के साथ उसके फुटेज मिले। फिर मुखबिरों के जरिए विनय की खोज की। करंज का उसका पता और मोबाइल नम्बर भी मिला। जिस लूम कारखाने में वह काम करता था। उस कारखाने में तस्दीक की। फिर उसे संदेह के आधार पर हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने गुनाह कबूल कर लिया।
हाथ काटे और चेहरे की चमड़ी निकाल ली :
अपना अपराध और शव की शिनाख्त छिपाने के लिए आरोपी ने कसाई सा काम किया। उसने सीता के हाथ काट दिए और कुछ दूर फेंक दिए। फिर उसने ब्लेड से सीता के चेहरे की चमड़ी निकाल ली। उसे पूरी तरह से बिगाड़ दिया। कपड़ों के अलावा शिनाख्त के सारे सबूत मिटा दिए थे। फिर वह वहां से वापस करंज लौट गया।
बलात्कार के मामले में फंसाने की दे रही थी धमकी :
विनय ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि सीता शादी नहीं करने पर उसे बलात्कार के मामले में फंसाने की धमकी देती थी। वह पहले ऐसा कर भी चुकी थी। उससे पहले किसी और युवक के साथ उसके प्रेम संबंध थे, लेकिन जब युवक ने उससे शादी नहीं की तो उसने युवक के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज करवाया था। उसके बाद वह उसके संपर्क में आई थी। उसे डर था कि वह उसे भी बलात्कार के मामले में फंसा देगी।
Report - Vijay Kumar Patel (Ahmedabad)
0 टिप्पणियाँ