सागर -:प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने तथा किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक कृषि पद्धतियों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ग्राम तिनसुवा में किसानों के खेतों का भ्रमण किया गया।
इस दौरान आत्मा परियोजना के संचालक श्री एम.के. प्रजापति, डॉ. शैलेष पाण्डेय, श्री लोकेंद्र जाटव, श्री विपिन जैन तथा मानव विकास सेवा संघ के संचालक फादर थॉमस फिलिप सहित टीम के सदस्यों ने प्राकृतिक खेती कर रहे किसानों के खेतों का दौरा किया। उन्होंने खेतों में चल रही विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया और किसानों से विस्तार से चर्चा की।
अधिकारियों ने किसानों के खेतों में लगाए गए जीवामृत ट्यूब के माध्यम से तैयार किए जा रहे जैव अमृत की प्रक्रिया को देखा। किसानों द्वारा जैव अमृत तैयार करने की विधि, खेतों में उसके उपयोग तथा उससे होने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी ली गई।
किसानों ने बताया कि प्राकृतिक खेती में जैव अमृत का उपयोग उनके लिए काफी उपयोगी सिद्ध हो रहा है। उन्होंने इस विधि को सरल, प्रभावी और लाभकारी बताते हुए इसकी सराहना की तथा प्राकृतिक खेती को आगे बढ़ाने में रुचि व्यक्त की।
मानव विकास सेवा संघ की ओर से किसान सहयोगी टीम के परियोजना समन्वयक श्री चंद्रकिशोर नरवरे एवं श्री निलेश पटेल ने खेत भ्रमण एवं किसानों से संवाद कराने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
संवाददाता - रामबाबू पटेल, जिला सागर (मध्यप्रदेश)
0 टिप्पणियाँ