देवरीकला -:मध्य प्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग, भोपाल के निर्देशानुसार शासकीय नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय, देवरी में आज 5 मार्च को भारतीय ज्ञान परम्परा की त्रैमासिक गतिविधियों के अंतर्गत और साइबर सुरक्षा दिवस के अवसर पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा पर केंद्रित जागरूकता वीडियो का प्रदर्शन किया गया, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, फिशिंग, डेटा चोरी और अन्य साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे से अवगत कराया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ओम प्रकाश दुबे ने अध्यक्षता करते हुए कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा व्यक्तिगत और सामाजिक सुरक्षा का अभिन्न अंग है। उन्होंने विद्यार्थियों को सतर्क रहने, संदिग्ध लिंक न खोलने, मजबूत पासवर्ड उपयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत रिपोर्ट करने की सलाह दी।
एनसीसी अधिकारी भगवत सिंह पटेल ने संबोधित करते हुए बढ़ते साइबर अपराधों पर चिंता जताई और कहा, "सावधानी ही सबसे बड़ा हथियार है। हमें ऐसी धोखाधड़ी से बचने के लिए निरंतर जागरूक रहना होगा।"
वनस्पति विज्ञान की सहायक प्राध्यापक वंदना साहू ने भी विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के व्यावहारिक उपाय बताए और सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया। मंच संचालन डॉ. अनामिका पाठक ने कुशलतापूर्वक किया, जबकि आभार डॉ. राजेन्द्र कुमार नागेश ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर डॉ. अभिषेक गोयल, डॉ. महेन्द्र चौरसिया, डॉ. शिवेन्द्र पाठक, डॉ. लक्ष्मी प्रसाद अहिरवार, डॉ. आनंद भट्ट, राजेश गिरवाल, ज्योति तिवारी, चंदन सिंह अहिरवार सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
यह आयोजन भारतीय ज्ञान परम्परा को बढ़ावा देने वाली त्रैमासिक गतिविधियों का हिस्सा था, जिसमें आधुनिक चुनौतियों (जैसे साइबर सुरक्षा) को पारंपरिक मूल्यों के साथ जोड़कर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया जाता है। महाविद्यालय प्रशासन ने ऐसे कार्यक्रमों को नियमित रूप से जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई है।
संवाददाता - रामबाबू पटेल, जिला सागर (मध्यप्रदेश)
0 टिप्पणियाँ