देवरीकलां-: सागर जिले के केसली तहसील अंतर्गत आने वाले ग्राम झमरा (थावरी) के ग्रामीणों ने गांव में बढ़ती अवैध शराब की बिक्री और उसके दुष्प्रभावों से तंग आकर देवरी पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। सोमवार को बड़ी संख्या में एकत्रित होकर ग्रामीणों ने थाना प्रभारी देवरी के नाम एक शिकायती आवेदन सौंपा, जिसमें गांव को पूर्णतः शराबमुक्त घोषित करने की अपील की गई है।
ग्रामीणों ने आवेदन में उल्लेख किया है कि पिछले कुछ समय से गांव में अवैध शराब की बिक्री और सेवन में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है। शराब के नशे में लोग आए दिन सार्वजनिक स्थानों पर गाली-गलौज और मारपीट करते हैं। सबसे गंभीर स्थिति घरों के भीतर है, जहां घरेलू हिंसा की घटनाएं निरंतर बढ़ रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शराब की इस लत के कारण गांव के युवाओं और बच्चों का भविष्य अंधकार में जा रहा है और गांव की शांति व्यवस्था पूरी तरह भंग हो चुकी है।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन में मांग की है कि
गांव में चल रहे अवैध शराब के ठिकानों पर तुरंत रोक लगाई जाए। अवैध शराब के कारोबार में लिप्त दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई हो।, ग्राम झमरा को पूर्ण रूप से 'शराब मुक्त गांव' बनाने में पुलिस प्रशासन सहयोग करे।
ज्ञापन मे ग्राम झमरा के समस्त ग्रामीणों ने प्रशासन को यह भरोसा भी दिलाया है कि वे इस अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने में पुलिस का पूरा साथ देंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला और पुरुष ग्रामीण उपस्थित रहे।
संवाददाता - रामबाबू पटेल देवरी कला, जिला सागर (मध्यप्रदेश)
0 टिप्पणियाँ