सागर-: रुद्राक्ष धाम मंदिर प्रांगण में श्रीराम कथा एवं प्राण-प्रतिष्ठा के सात दिवसीय महाआयोजन का भव्य शुभारंभ आज 31 जनवरी को दोपहर दो बजे श्रीराम कथा के निष्णात और प्रसिद्ध विद्वान पं प्रेमभूषण जी महाराज के सानिंध्य में होगा। इस आयोजन के मुख्य यजमान पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने व्यवस्था से जुड़े सभी सेवादारों की संयुक्त बैठक लेकर इंतजामों की बारीकी से समीक्षा की। आयोजन के लिए रुद्राक्ष धाम मंदिर परिसर और इसके सामने स्टेडियम स्थित विशाल पंडाल समेत संपूर्ण आयोजन स्थल अयोध्या जी की तरह सजाया गया है।
पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने तैयारियों के संबंध में आयोजित समीक्षा बैठक में कहा कि इस आयोजन के लिए हम सभी ने डेढ़ माह से परिश्रम किया है। अब आगामी सात दिन हम सभी की परीक्षा का समय होगा जिसमें हम सभी को बिना किसी त्रुटि के सफल होना है। आयोजन में प्रतिदिन आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुविधा से रुद्राक्ष धाम प्रांगण में नवनिर्मित श्री दक्षिणमुखी हनुमान जी मंदिर, श्रीराधा कृष्ण जी मंदिर एवं श्री राम जानकी मंदिर के सुविधाजनक दर्शन हो जाएं, सभी श्रद्धालु मनोयोग से भगवान श्री राम की कथा का श्रवण कर भक्तिभाव में डूबें और प्रसादी ग्रहण कर सकें यही सारी व्यवस्थाओं का मुख्य उद्देश्य है। आयोजन निर्विघ्न और सफल हो इसके लिए भगवान ने ही हम सभी को निमित्त बना कर सेवा का यह अवसर दिया है जिसमें हम सभी को समर्पित भाव से काम में जुटना है।
संवाददाता - रामबाबू पटेल, जिला सागर (मध्यप्रदेश)
0 टिप्पणियाँ