आयोजन- नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम गोटेगांव में परंपरागत खेलों की चार दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता

गोटेगांव (नि.सं)-:गोटेगांव के नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में परंपरागत खेलों की सबसे बड़ी प्रतियोगिता का आयोजन जारी है, सहयोग क्रीड़ा मंडल गोटेगांव एवं मणिनागेंद्र सिंह फाउंडेशन गोटेगांव के संयुक्त तत्वाधान में दिनांक 11 जनवरी दिन गुरुवार से दिनांक 14 जनवरी दिन रविवार तक आयोजित इस चार दिवसीय टूर्नामेंट में राष्ट्रीय पुरुष कबड्डी, संभागीय महिला/ पुरुष कबड्डी ,चौपड़ एवं मैराथन दौड़ के विजेता प्रतिभागियों को 25 लाख रुपए नगद इनाम राशि एवं स्थाई शील्ड देकर पुरस्कार किया जाएगा। प्रतियोगिता का समापन दिनांक 14 जनवरी दिन रविवार को होगा। प्रतियोगिता के द्वितीय दिवस दिनांक 12 जनवरी दिन शुक्रवार को आयोजन स्थल पर मध्य प्रदेश के पंचायत, ग्रामीण विकास एवं श्रम मंत्री माननीय प्रह्लाद सिंह जी पटेल का आगमन हुआ जिन्होंने देव पूजन करते हुए नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया एवं युवा तरुणाई मणि नागेंद्र सिंह पटेल के तेल चित्र पर पुष्पांजलि समर्पित की। इस अवसर उन्होंने राष्ट्रीय पुरुष कबड्डी की प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने सहयोग क्रीड़ा मंडल के इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि खेल का यह राष्ट्रीय आयोजन गोटेगांव के नागरिकों के सहयोग एवं समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आज युवा दिवस पर स्वामी विवेकानंद जी के जीवन से हमें यही प्रेरणा मिलती है कि स्वस्थ शरीर से ही स्वस्थ समाज की स्थापना की जा सकती है। उन्होंने कहा कि सहयोग क्रीड़ा मंडल की स्थापना अवसर पर  जो संकल्प लिए गए थे वह सभी के सहयोग से पूर्ण हुए हैं। खिलाड़ियों को खेल का मैदान, पौष्टिक भोजन एवं सम्मान के साथ उत्कृष्ट सुविधा देना हमारी प्राथमिकता रही है। श्री पटेल ने युवा दिवस पर सभी से आह्वान करते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ी को खेल के मैदान से जोड़ना आज के समय की बड़ी जरूरत है। उन्होंने कहा कि हम सामर्थ्यवान हो सकते हैं लेकिन स्वास्थ्य के अभाव में हम किसी को सहयोग नहीं दे सकते। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री ने पहले के समय में आयोजित प्रतियोगिताओं का जिक्र करते हुए कहा कि कभी मिट्टी से मैदान बनाकर खेल एवं खिलाड़ी का सम्मान होता था, आज तकनीकी एवं सुविधाओं का स्तर बढ़ा है, नवनिर्मित इनडोर स्टेडियम में आकर मैं अपने आप को और गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। उन्होंने आयोजन की भव्यता के लिए क्रीड़ा मंडल एवं फाउंडेशन के सदस्यों को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पूर्व राज्य मंत्री जालम सिंह पटेल एवं गोटेगांव विधायक महेंद्र नागेश जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनुजा पटेल सुबोध जैन, सीताराम नामदेव विशेष रूप से उपस्थित थे खेल के उद्घाटन दिवस पर संभागीय महिला /पुरुष कबड्डी के मैच संपन्न हुए। संभागीय पुरुष कबड्डी के प्रारंभिक मुकाबलों में अहिंसा क्लब मेरेगांव, नरसिंहपुर अकैडमी ,मुड़िया इंडियन बंडा, मेरेगांव B, जय हिंद क्लब गाडरवारा ,सहयोग कीड़ा मंडल A,राजपूत क्लब गड़रियाखेड़ा, चीचली, सूखाखैरी ,करकबेल,गडरियाखेड़ा B, खमरिया, जबलपुर कॉरपोरेशन एवं झामर ने अपने मैच जीत कर दूसरे दौर में प्रवेश किया है। इसी प्रकार महिला कबड्डी के क्वार्टर फाइनल एवं सेमीफाइनल मैच के पश्चात वीरांगना गाडरवारा एवं नरसिंहपुर अकादमी की टीमों ने फाइनल में जगह बनाई जिनका मुकाबला 14 जनवरी दिन गुरुवार को खेला जाएगा
कार्यक्रम में आगंतुक अतिथियों का स्वागत सहयोग क्रीड़ा मंडल के अध्यक्ष बद्रीभाई चौकसे ,सीनियर आयोजन समिति के अध्यक्ष राजेंद्र राय (गिट्ठल) एवं युवा आयोजन समिति के अध्यक्ष जितेंद्र ठाकुर (पाटन) द्वारा किया गया। दिनांक 12 जनवरी दिन शुक्रवार को कबड्डी की राष्ट्रीय स्पर्धा का शुभारंभ किया गया जिसमें राष्ट्रीय स्तर पर 26 टीमें भाग ले रही हैं। प्रांतीय स्तर की चौपड़ प्रतियोगिता में 128 टीमों ने हिस्सा लिया है। दिनांक 12 जनवरी दिन शुक्रवार को राष्ट्रीय पुरुष कबड्डी में पाई स्पोर्ट्स गुजरात, एयर फोर्स दिल्ली, रेड आर्मी दिल्ली, राजीव गांधी स्टेडियम रोहतक, रिंधाना क्लब हरियाणा, लखावटी अकैडमी के बीच पहले दौर के मैच खेले गए
मणिनागेंद्र सिंह फाउंडेशन के सचिव इंजी. सरदार सिंह पटेल ने बताया कि इस आयोजन में खेल के साथ मानव सेवा के उद्देश्य को भी सम्मिलित किया गया है। दिनांक 14 जनवरी दिन रविवार को सुबह 10:00 बजे आयोजन स्थल पर निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया है जिसमें जबलपुर से पधारे हृदय रोग विशेषज्ञ डॉक्टर पुष्पराज पटेल एवं टीम द्वारा हृदय रोग से जुड़े रोगों का उपचार किया जाएगाप्रदेश पूर्व राज्यमंत्री मध्य प्रदेश शासन जालम सिंह पटेल (मुन्ना भैया) ने सभी खेल प्रेमी दर्शकों एवं नागरिकों से आयोजन में सम्मिलित होने की अपील की है केंद्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते का दिनांक 13 जनवरी दिन शनिवार को गोटेगांव आगमन हो रहा है।
इस अवसर पर वह नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम गोटेगांव में आयोजित राष्ट्रीय पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता में सम्मिलित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे
संवाददाता - रामबाबू पटैल, जिला सागर (मध्य प्रदेश)
Reactions:

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ