Sagar-:केंद्रीय जेल सागर में न्यायोत्सव का आयोजन बंदियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दिया नशामुक्ति का संदेश।The State Halchal News

सागर-:केंद्रीय जेल सागर में माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सागर के कुशल मार्गदर्शन में साक्षरता शिविर एवं नशामुक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जेल में निरुद्ध बंदियों के बीच विधिक साक्षरता (लीगल लिटरेसी) को बढ़ावा देना, उन्हें उनके कानूनी अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना तथा उनमें सामाजिक चेतना विकसित करना था। साथ ही बंदियों को शिक्षा एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने हेतु प्रेरित किया गया। इस अवसर पर बंदियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने तथा स्वस्थ, सम्मानजनक एवं सकारात्मक भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में पुरुष बंदियों ने नशामुक्ति विषय पर आधारित प्रभावशाली नृत्य प्रस्तुति दी, जिसके माध्यम से नशे के दुष्परिणामों एवं नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। महिला बंदियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती नेहा बंसल ने महिला बंदियों को उनके विधिक अधिकारों, कानूनी संरक्षण एवं उपलब्ध विधिक सहायता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव संतोष सैनी ने पुरुष बंदियों को विधिक सहायता एवं विधिक जागरूकता के बारे में बताते हुए कहा कि आर्थिक अभाव के कारण कोई भी बंदी न्याय प्राप्त करने से वंचित न रहे और न ही स्वयं को असहाय महसूस करे। प्रत्येक पात्र व्यक्ति को निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने का अधिकार है।
कार्यक्रम का संचालन सहायक जेल अधीक्षक श्रीमती गीता राठौर ने किया। अंत में जेल अधीक्षक रमेश चंद्र आर्य ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में उपअधीक्षक मनोज मिश्रा सहित जेल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
संवाददाता - रामबाबू पटेल, जिला सागर (मध्यप्रदेश)

Uploaded Image
Reactions:

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ