पन्ना : तलैया फील्ड मैदान में राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैम्पियनशिप का हुआ शुभारंभ, खेलों से अनुशासन की भावना विकसित होती है: विधानसभा अध्यक्ष श्री गौतम | The Mau Tv News

जुगल किशोर महोत्सव को संस्कृति विभाग के कैलेंडर में शामिल करेंगे पर्यटन मंत्री: सुश्री ठाकुर


पन्ना| मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम ने शुक्रवार को स्थानीय तलैया फील्ड मैदान में 25वीं यूथ ओपन महिला एवं पुरूष राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैम्पियनशिप के शुभारंभ अवसर पर यह बात कही कि खेल प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों के प्रतिभा प्रदर्शन और उज्जवल भविष्य के निर्माण के लिए बेहतर माध्यम हैं। केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा खिलाड़ियों को खेल में आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रोत्साहन व कई तरह की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। खेलों के माध्यम से अनुशासन की भावना भी विकसित होती है। अध्यक्ष श्री गौतम कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने वॉलीबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया का ध्वज चढ़ाकर प्रतियोगिता की शुरूआत की तथा खेल के उद्घाटन की घोषणा की। इस अवसर पर विभिन्न टीमों के खिलाड़ियों से भेंटकर परिचय प्राप्त किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्द्धन कर सामूहिक फोटो भी खिंचवाई। पुरूष वर्ग में उद्घाटन मैच कर्नाटक एवं केरल तथा महिला वर्ग में केरल एवं दिल्ली की टीम के बीच खेला गया।
अध्यक्ष श्री गौतम ने अपने संबोधन में कहा कि पन्ना मंें पुरातात्विक एवं ऐतिहासिक महत्व के स्मारक मौजूद हैं। पन्ना पर्यटन नगरी के साथ ही मंदिरों की नगरी भी है। खनिज संपदा से भरपूर पन्ना में राष्ट्रीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन से निश्चित ही पन्ना का मान और सम्मान बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा के प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। खेल में आगे बढ़ने और उज्जवल भविष्य गढ़ने का खिलाड़ियों के पास बेहतर अवसर है। खिलाड़ी खेल भावना के साथ खेलों में सहभागिता करें। किसी भी हार में निराश न हों, बल्कि सफलता के लिए पूरे मनोयोग से दोबारा प्रयास करें। उन्होंने कहा कि पन्ना को प्रत्येक क्षेत्र में आगे ले जाने के लिए सभी सहभागी बनें और आधुनिक पन्ना का निर्माण करें।
शुभारंभ कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास व धर्मस्व मंत्री सुश्री ऊषा ठाकुर ने कहा कि देश की आजादी के अमृत महोत्सव काल में पन्ना में राष्ट्रीय प्रतियोगिता के आयोजन से राष्ट्रीय पटल पर जिले का नाम रोशन होगा। उन्होंने कहा कि भारत देवभूमि है। खिलाड़ी खेल में सफलता प्राप्त करने के साथ ही देश के स्वर्णिम इतिहास व महापुरूषों के बारे में भी जानकारी रखें। पन्ना ऋषि अगत्स्य की तपस्थली के साथ-साथ महाराजा छत्रसाल की नगरी है। यहां पर्यटन व संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। साथ ही संस्कृति विभाग के कैलेंडर में जुगल किशोर महोत्सव को शामिल किया जाएगा।
तलैया फील्ड मैदान बनेगा आधुनिक
राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैम्पियनशिप के शुभारंभ अवसर पर सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने तलैया फील्ड मैदान को खेल व खिलाड़ियों की सुविधा के दृष्टिगत आधुनिक मैदान बनाने की घोषणा की। साथ ही नामकरण के लिए सुझाव भी आमंत्रित किए। उन्होंने कहा कि सेना के जवानों और खिलाड़ियों में अनुशासन के साथ-साथ देशभक्ति का जज्बा भी होता है। खेल देश को आगे ले जाने में निश्चित रूप से मददगार हैं। गत अप्रैल माह में सांसद खेल महोत्सव के सफल आयोजन के बाद अब इस राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के पन्ना में आयोजन का सपना साकार हुआ है। गांव-गांव तक खेल शुरू कराने का प्रयास भी किया गया है। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न प्रांत और केन्द्र शासित प्रदेश से पन्ना पहुंचे खिलाड़ियों को यहां के इतिहास और संस्कृति व परम्परा से अवगत कराने के साथ ही विभिन्न स्थानों का भ्रमण भी कराया जाएगा। ऐतिहासिक स्थानों और मंदिरों के विकास के लिए सार्थक प्रयास किए जाएंगे। आगामी दिनों में बुन्देलखण्ड के खजुराहो एवं पन्ना में बैठक एवं भ्रमण के लिए जी-20 समूह देश के डेलिगेशन का आगमन भी गौरव की बात है।
राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों का होगा चयन
खनिज साधन एवं श्रम मंत्री श्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि पन्ना जैसे छोटे जिले में राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के आयोजन की सौगात मिलना जिले का सौभाग्य है। सांसद श्री शर्मा के सार्थक प्रयासों से पन्ना में टूर्नामेंट का आयोजन हो रहा है। उन्होंने कहा कि पन्ना की पहचान हीरा और धार्मिक नगरी के रूप में है। अब पन्ना खेल में भी ऊंचाईयां हासिल करेगा। भविष्य में भी निरंतर विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। आगामी दिनों में क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। पर्यटन की दृष्टि से भी पन्ना का विकास होगा। उन्होंने इनडोर स्टेडियम की आवश्यकता बताई। साथ ही कहा कि इस टूर्नामेंट के माध्यम से विभिन्न टीमों के उत्कृष्ट खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर पर भी किया जाएगा।
बधाई नृत्य की हुई प्रस्तुति
टूर्नामेंट के शुभारंभ अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत बुन्देलखण्ड के बधाई नृत्य का आयोजन किया गया। संस्कृति विभाग के नर्तक दल द्वारा आकर्षक प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा कलाकारों का सम्मान भी किया गया। एशियन चैम्पियनशिप में रजत पदक दिलाने वाले और पहले अर्जुन एवं द्रोणाचार्य अवार्डी मुख्य कोच श्रीधरन का सम्मान किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में पदक दिलाने वाले कोच प्रीतम सिंह चौहान और वीर सिंह यादव को भी सम्मानित किया गया।
अतिथियों द्वारा दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेश की टीम द्वारा आकर्षक मार्चपास्ट का प्रदर्शन किया गया। मध्यप्रदेश की महिला टीम की कप्तान मुस्कान ने खिलाड़ियों को शपथ ग्रहण कराई। म.प्र. वॉलीबॉल एसोसिएशन के श्री रूद्र प्रताप सिंह ने प्रतियोगिता के संबंध में संक्षिप्त उद्बोधन के माध्यम से टूर्नामेंट की रूपरेख के बारे में अवगत कराया। पवई विधायक श्री प्रह्लाद लोधी ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मीना राजे, उपाध्यक्ष श्री संतोष सिंह यादव, नपाध्यक्ष श्रीमती मीना पाण्डेय, नपा उपाध्यक्ष श्रीमती आशा गुप्ता, कलेक्टर श्री संजय कुमार मिश्र, पुलिस अधीक्षक श्री धर्मराज मीणा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, संबंधित अधिकारी-कर्मचारी, वॉलीबॉल एश्योसेशन के पदाधिकारी एवं पत्रकारगण तथा बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित थे।
Reactions:

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ